प्रधान के पास से बरामद हुई पजेरो तथा रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में इटावा जिले की जसवंतनगर तहसील में चोरी की लग्जरी कार पजेरो और रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक के साथ पुलिस ने मलाजनी के ग्राम प्रधान सुमित कुमार को गिरफ्तार किया है। प्रधान के वाहन चोरों के साथ तार जुडे़ होने की बात सामने आई है। फर्जी कागजात बनाने पर एआरटीओ दफ्तर के दलालों और कर्मचारियों की मिलीभगत की भी जांच की जा रही है।
सीओ जसवंतनगर एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि मुखबिर से जानकारी मिली थी कि मलाजनी निवासी प्रधान सुमित कुमार के पास चोरी के वाहन हैं। पुलिस की टीम लगातार प्रधान की गतिविधि पर नजर रखे थी। तहकीकात में यह बात भी सामने आई कि प्रधान के पास जो वाहन हैं वो खरीदने की उनकी हैसियत नहीं है।
शनिवार शाम पुलिस ने वाहनों को जब्त किया और कचौरा रोड से प्रधान सुमित कुमार को भी गिरफ्तार किया। प्रधान ने पुलिस को पजेरो और बुलेट के कागजात दिखाए। उसकी पजेरो गाड़ी पर लिखे पश्चिमी बंगाल के रजिस्ट्रेशन नंबर को ट्रेस किया गया। पता चला कि इस नंबर की गाड़ी वहां चोरी नहीं हुई। इस नंबर की गाड़ी वहां चल रही है।