डेरापुर। थाना क्षेत्र के लाड़पुर पैठ निवासी गल्ला व्यापारी शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालत में खेत में अचेत पड़े मिले। किसानों की जानकारी पर पहुंचे परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। वहां से मेडिकल कॉलेज ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन ने जमीनी विवाद में जहरीला पदार्थ खिलाए जाने की आशंका जाहिर की है।
लाड़पुर पैठ निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि पिता राम चंद्र शर्मा (55) पुत्र चेतराम शर्मा गल्ला का व्यापार करते थे। पिता का गांव के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार को पिता खेत पर गए थे जबकि वह जरूरी काम से मुंगीसापुर गया था। 10 बजे के करीब गांव के किसानों ने फोन कर पिता के खेत में पड़े होने की जानकारी दी। इस पर वह परिजन के साथ मौके पर पहुंचा और उन्हें डेरापुर थाने ले गए। पुलिस ने उनको सीएचसी में भर्ती करवाया। वहां डॉ. अनंग द्विवेदी ने जहरीला पदार्थ के सेवन की आशंका जाहिर कर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाने के दौरान उनकी रास्ते में ही मौत हो गई।
बेटे ने जमीनी विवाद में पिता को जहरीला पदार्थ खिलाए जाने की आशंका जाहिर की है। अनहोनी पर व्यापारी की पत्नी श्याम मूर्ति, बेटा कुलदीप, प्रदीप व परिजन रोने लगे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। डेरापुर थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मामले में परिजन की तहरीर व जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।