कानपुर में सरकारी सीवर पाइप चोरी के मामले में बुधवार को नमामि गंगे प्रोजेक्ट के एक ठेकेदार ने चकेरी थाने के बाहर धरना दिया। आरोप है चार लोगों के साथ मड पंप सेट और दस पाइप लदे ट्रैक्टर पुलिस को सौंपे थे, जिन्हें पुलिस ने छोड़ दिया। साथ ही तहरीर भी फाड़ दी। चकेरी इंस्पेक्टर और एसीएम के कार्रवाई के आश्वासन पर ठेकेदार हटा।
जीवन गार्डेन निवासी ठेकेदार श्याम किशोर तिवारी ने बताया कि कृष्णानगर टेलीफोन एक्सचेंज के पास सीवर लाइन के 150 पाइप रखे थे। चार जनवरी को एक ट्रैक्टर पर पाइप ले जाने की सूचना मिली। लोगों की मदद से चार लोगों को पकड़कर कृष्णा नगर पुलिस को सौंप दिया। पता चला कि 69 पाइप के अलावा मड पंप, पैनल, कनेक्शन पाइप डोरी के साथ और गायब हैं। वह जन सुनवाई पोर्टल में इसकी शिकायत कर चुका है।
गले नहीं उतर रहा मामला
ठेकेदार ने सरकारी पाइप, मड पंप और अन्य सामान की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किए थे। एक बूढ़े व्यक्ति का देखरेख का काम सौंपा था जिसका दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। इससे वह 31 दिसंबर से चार जनवरी के बीच हुई चोरी की वारदातों को जान नहीं सका। थाने में मौजूद अन्य कर्मचारी भी चोरी की घटना पर संदेह जता रहे थे।