सहजनी रेलवे क्रॉसिंग से मगरवारा रेलवे स्टेशन के बीच कानपुर-लखनऊ डाउन रेल मार्ग पर पड़ने वाली चढ़ाई पर बुधवार को दोपहर मालगाड़ी का इंजन अचानक खराब हो गया। चालक किसी तरह मालगाड़ी को लेकर मगरवारा रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां तकनीकी खराबी दूर करने के बाद मालगाड़ी को रवाना किया गया। इस बीच पौन घंटे तक कानपुर-लखनऊ रेल यातायात बाधित रहा। इस बीच कई ट्रेनें खड़ी रहीं।
बुधवार दोपहर 1:45 बजे कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही मालगाड़ी जैसे ही सहजनी और मगरवारा रेलवे क्रॉसिंग के बीच पहुंची, इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। चढ़ाई पर चढ़ने के बजाय पीछे की ओर खिसकने लगी। यह देखकर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी को रोका। लगभग 10 मिनट तक मालगाड़ी बीच ट्रैक पर खड़ी रही। इसकी जानकारी चालक ने कंट्रोल रूम को दी। इसकी वजह से कानपुर से लखनऊ होकर प्रतापगढ़ जाने वाली उद्योग नगरी एक्सप्रेस को सवा दो बजे गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। चालक मालगाड़ी को रोक-रोक कर किसी तरह से मगरवारा रेलवे स्टेशन पहुंचा, जिसे लूप लाइन पर खड़ा किया गया। इसके बाद 2:30 बजे रेल संचालन शुरू हुआ। बताया गया कि चालक ने इंजन को सही किया, जिसके बाद तीन बजे मालगाड़ी को रवाना हुई। वहीं, इस कारण कानपुर छोर पर पनवेल, बरौनी एक्सप्रेस समेत दो अन्य ट्रेनें जहां की तहां खड़ी रहीं।