आपने नटवरलाल के किस्से बहुत सुने होंगे, वही नटवरलाल जिसने ताजमहल, लालकिला, राष्ट्रपति भवन यहां तक कि संसद भवन भी बेच दिया था। अब ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसने सबको अचंभे में डाल दिया है। यूपी के हरदोई जिले में जालसाजों ने एक महिला को गोमती नदी ही बेच दी।
दरअसल महिला को जो भूमि लगभग 30 लाख रुपये मेें बेची गई उसमें से आधे से अधिक जमीन पर गोमती नदी बहती है, जबकि शेष जमीन भी गोमती किनारे है। लेखपाल की आख्या मिलने के बाद पुलिस ने जालसाजी करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। लखनऊ जनपद के महानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रहीमनगर निवासी मिथलेश के पति योगेश्वर कुमार लखनऊ में बीएसएनएल में तैनात थे और वर्ष 2019 में सेवानिवृत्त हो गए।
मिथलेश ने पति के सेवानिवृत्त होने पर मिले रुपयों से भूमि खरीदने की योजना बनाई। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम मंडौली निवासी मैनू उर्फ भैनू किसी तरह मिथलेश के संपर्क में आ गया। मिथलेश के मुताबिक मैनू ने उसकी मुलाकात सीतापुर जनपद के सिंधौली थाना क्षेत्र के ग्राम घरावां निवासी हरिकृष्ण श्रीवास्तव पुत्र विशंभर और लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के तिवारीपुर निवासी मंजू यादव पत्नी रामलखन यादव से कराई।