सराफा बाजार पर नोट बंदी के काले बादल मंडरा रहे है। इसी के चलते सोने के दाम में गिरावट हुई है। फिलहाल, आठ नवंबर से अब तक सोेने में करीब एक हजार रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को सोने का एमसीएक्स रेट 28,330 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। जबकि हाजिर रेट 28,800 रुपये के आसपास रहा।
सराफा बाजार के जानकार बताते हैं कि सोने की गिरती कीमतों की वजह अंतर्राष्ट्रीय बाजार के हालात तो हैं ही, भारत में भी सोने की मांग 80 फीसदी तक कम हो गई है। इसका सीधा असर कीमत पर पड़ा है। बैंकों के जरिये इंपोर्ट होने वाले सोने की मात्रा में कमी आई है। तस्कर कर लाया गया सोना भी इन दिनों बाजार में खप नहीं रहा है। माना जा रहा है कि सोने की कीमत और गिरेगी।
दिसंबर के अंत तक सोना एक बार फिर 26 हजार रुपये के आसपास पहुंच सकता है। बता दें कि धनतेरस और दीपावली के समय शहर में सोने की कीमत 30 से 31 हजार रुपये के आसपास रही है। इसी तरह चांदी में भी करीब पांच हजार रुपये किलो की कमी दर्ज की गई है। शनिवार को चांदी 40 हजार रुपये किलो बिकी।