कानपुर यूनिवर्सिटी की शैक्षिक सत्र 2015-16 की परीक्षा में लड़कियों ने बाजी मारी है। गोल्ड मेडलिस्ट में डीजी पीजी कालेज की एमए संगीत की छात्रा श्रुति मिश्रा का दावा सबसे मजबूत है। श्रुति को एमए में 88.4 फीसदी मार्क्स मिले हैं। वह यूनिवर्सिटी की ओवर आल टॉपर हैं। श्रुति के आसपास कोई स्टूडेंट नहीं पहुंच सका। ज्यादातर स्टूडेंटों के मार्क्स 80 फीसदी से कम हैं। कुलाधिपति रजत पदक भी बेटियों की झोली में जा सकता है।
यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह छह दिसंबर को इंटरनेशनल ऑडिटोरियम में होगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल राम नाईक करेंगे।
कुलपति प्रो. जेवी वैशंपायन ने बताया कि टॉपरों की लिस्ट बुधवार को यूनिवर्सिटी की वेबसाइट kanpuruniversity.org पर उपलब्ध करा दी गई है। 27 नवंबर तक ई-मेल आईडी convocationcsju.com पर दावे, आपत्तियां दी जा सकती हैं। 28 नवंबर को टॉपरों की अंतिम मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। प्रस्तावित मेरिट लिस्ट में बेटियों का दबदबा कायम है। ज्यादातर मेडल पर कब्जा जमाया है। यह बड़ी उपलब्धि है। लड़के काफी पीछे हैं।