यूपी से बड़ी खबर है। मुरादाबाद से हाईकोर्ट आए प्रेमी जोड़े का सोमवार सुबह बंदूक के बल पर कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। दिनदहाड़े अपहरण के मामले से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, यह प्रेमी जोड़ा प्रेम विवाह करने के बाद हाईकोर्ट में सुरक्षा की मांग को लेकर पहुंचा था। इस दौरान दंपती का हाईकोर्ट के अंदर जाने से पहले ही गेट 3A से अपहरण कर लिया गया। यूपी-82 नंबर की काली गाड़ी से हथियारबंद बदमाश आए थे। जिस गाड़ी से दोनों का अपहरण हुआ वह बिजनौर की बताई जा रही है। गाड़ी के पीछे चेयरमैन लिखा हुआ है।
परिजनों की ओर से प्रेमी जोड़े के अपहरण की सूचना के बाद प्रयागराज समेत कौशाम्बी व फतेहपुर जिलों की सीमा पर नाकेबंदी की गई थी। फतेहपुर जिले की सीमा में जैसे ही चेयरमैन लिखी स्कॉर्पियो गाड़ी ने प्रवेश किया तभी चेकिंग के दौरान फतेहपुर पुलिस ने उसे रोक लिया। साथ ही उसमें से प्रेमी जोड़े बरामद कर लिए गए हैं। दोनों से खागा कोतवाली पुलिस पूछताछ कर रही है।