उन्नाव में बिना ब्याहे मां बनी युवती सोमवार को जिला महिला अस्तपाल से अचानक लापता हो गई। अस्पताल प्रशासन ने चौकी पुलिस को सूचना दी। सिपाहियों ने उसकी तलाश की और करीब एक घंटे बाद युवती को अस्पताल के बाहर कुछ दूरी पर खोज लिया।
वहीं नवजात का वजन कम होने से उसे एसएनसीयू (सिक न्यू बॉर्न केयर यूनिट) में भर्ती कराया गया है। बाल कल्याण समिति नवजात की निगरानी कर रही है। माखी थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को रविवार रात पेट में दर्द होने से उसे जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देर रात उसने बच्चे का जन्म दिया। वजन कम होने व सांस लेने में तकलीफ पर बच्चे को एसएनसीयू वार्ड में भर्ती करा दिया गया। सोमवार सुबह अचानक युवती बेड से गायब हो गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने उसकी खोजबीन की लेकिन पता न चलने पर अस्पताल चौकी पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तलाश की तो अस्पताल से कुछ दूरी पर युवती उन्हें बैठी मिली। युवती को दोबारा महिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। युवती ने एसएनसीयू में भर्ती बच्चे के आगे एक युवक का नाम भी डलवाया है। डाक्टरों के मुताबिक वह उसे बच्चे का पिता बता रही है। सीएमएस डा. अंजू दुबे ने बताया कि सामान्य प्रसव हुआ था। मां की हालत सामान्य है जबकि बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।