रूरा। बाजार वार्ड स्थित सीडी बालिका इंटर कॉलेज में गुरुवार को मिशन शक्ति व महिला सशक्तिकरण के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सीओ प्रिया सिंह ने छात्राओं को अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कहा कि छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत व सरस्वती वंदना से की गई। सीओ ने छात्राओं से कैरिअर के अनुभव को साझा किया। कहा कि छात्र जीवन में सभी के सामने कोई न कोई समस्या आती है। हमें यह सोचने की जरूरत है कि कैसे इस दीवार को फांदकर आगे जाना है, तभी सफलता मिलती है। छात्राओं को पंपलेट्स बांटने के साथ हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
प्रधानाचार्य सुमन लता सिंह को बच्चों को अच्छी शिक्षा देने, शिक्षक अर्चना मिश्रा को समाज में महिलाओं को जागरूक करने, कंचन को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने, अनुपम को स्वच्छ भारत मिशन के लिए अच्छा कार्य करने पर सम्मानित किया गया। जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता भदौरिया को निष्ठा पूर्वक कार्य करने पर सम्मानित किया गया। यहां शिक्षक सुधा सिंह, महिला कल्याण विभाग से प्रतिमा श्रीवास्तव, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. संध्या यादव, थाना प्रभारी अमित शुक्ला, दूरबीन सिंह, आरक्षी ज्योति, रेखा, मीनू, किरन आदि रहीं।