प्रेमी के शादी से इंकार करने पर बर्रा थाना क्षेत्र के कर्रही गांव में हाईस्कूल की छात्रा शकीना उर्फ कोमल (19) ने फांसी लगा ली। पुलिस को मौके से तीन मोबाइल फोन व दो टूटे सिम मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
रिक्शा चालक सलीम ने पुलिस को बताया कि बेटी शकीना मोहल्ले में किराये पर रहने वाले युवक से बातचीत करती थी। युवक ने बेटी को शादी का आश्वासन दिया था। करीब दो महीने पहले वह दूसरी जगह पर रहने लगा। इसके बाद युवक के शादी से इंकार करने पर बेटी तनाव में रहने लगी।
सोमवार की सुबह शकीना ने खुदकुशी की कोशिश की। इस पर पत्नी सलमा उर्फ पूजा बेटी को समझा-बुझाकर काम पर चली गई। घर पर शकीना और मानसिक रूप से बीमार बेटा लकी (15) था।
इसी बीच बेटी ने कमरे में पंखे के कुंडे के सहारे दुपट्टे से फांसी लगा ली। पुलिस के अनुसार प्रेमी से झगड़ा होने के बाद छात्रा ने पहले सिम तोड़े होंगे और फिर गुस्से में आकर खुदकुशी कर ली होगी। पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।