सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर नरी निवासी शुगर सिंह की बेटी शिवानी (17) शहर के डीवीडीटी इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह वह ई-रिक्शा से टेंपो स्टैंड पहुंची। वहां से पैदल टाइप टू कॉलोनी होते हुए स्कूल जा रही थी।
स्कूल बस ने पीछे से मारी टक्कर
टाइप टू कॉलोनी में पीछे से आ रही तेज रफ्तार आदर्श विद्या मंदिर की बस ने टक्कर मार दी इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए डीवीडीटी स्कूल के छात्रों ने एवीएम स्कूल पहुंच जमकर पथराव किया।
बस चालक को भेजा जेल
सीओ सिटी आशुतोष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट विजेता के साथ चार थानों की फोर्स अस्पताल पहुंची और सभी को समझा-बुझाकर शांत कराया। उधर एसडीएम सदर नूपुर गोयल और एआरटीओ प्रवर्तन स्कूल पहुंच जांच की। स्कूली वाहनों की फिटनेस और अन्य कागज सही मिलने पर चालक को कोतवाली भिजवाया।
पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट
स्कूल प्रबंधन की ओर से मृतकों के परिजनों को एक लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर बस नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।