कन्नौज जिले में बिरियाहार टिकुरियन गांव में मंगलवार को चलते ई-रिक्शा से कूदने पर बालिका की मौत हो गई। खुद को बचाने के लिए चालक ने शव को बोरे में भरकर ईशन नदी किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।
शव फेंकते देख ग्रामीणों ने उसे पकड़ कर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। भाई ने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। ई-रिक्शे में सवार अन्य बच्चे भी चुटहिल हो गए, उनका अस्पताल में इलाज कराया गया।
तालग्राम थाना क्षेत्र के बिरियाहार टिकुरियन निवासी विधवा सरला देवी की 10 वर्षीय बेटी काजल गांव के प्राथमिक विद्यालय की कक्षा पांच की छात्रा थी। मंगलवार सुबह उसे स्कूल में किताबें मिलने की जानकारी हुई।
इस पर काजल पड़ोसी आशीष (06), शिवानी (10) , सुमित (06) और गोमती (04) के साथ पैदल स्कूल जा रही थी। बच्चे रास्ते में पुलिया के पास बैठ गए। उधर से निकले संतराम पुत्र मीहलाल के ई-रिक्शा पर बच्चे बैठ गए। काजल आगे बैठी थी।