उन्नाव के हसनगंज में सोमवार की सुबह खेत में आम के पेड़ से 19 वर्षीय युवती का शव दुपट्टे से फंदे पर लटका मिला। पेड़ के पास गीली मिट्टी में अमर नाम के युवक पर धोखा देने की बात भी लिखा मिला है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत युवती के बैग से मिली बैंक की पासबुक के आधार पर उसके पते पर जानकारी की तो पता चला कि माता-पिता की मृत्यु के बाद वह पांच साल से अचलगंज क्षेत्र में अपने मामा के यहां रह रही थी।
घटना की तफ्तीश कर रही पुलिस घटना को आत्महत्या मानकर चल रही है। वहीं, सच्चाई जानने के लिए अमर नाम के व्यक्ति की तलाश कर रही है। पुलिस ने मिट्टी में अंगुली से खुरचकर लिखी गई लाइनों की वीडियो रिकार्डिंग कराई है। रामपुर अखौली गांव के बाहर सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने सुखराम के खेत में आम के पेड़ से एक युवती का शव फंदे से लटका देखा।