महोबा में चंद्रावल नदी के चेकडैम में नहाते समय डूब जाने से एक छात्रा की मौत हो गई। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। छात्रा की मौत की खबर गांव में फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। तैराकों ने किशोरी का शव बाहर निकालकर पंचनामा कराया।
उसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना खन्ना क्षेत्र के ग्राम पुरवा निवासी जयंती (11) गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ती थी। रविवार को सुबह वह अपनी सहेलियों स्नेहा (13) और हिमांशी (09) के साथ चंद्रावल नदी के पास पुताई के लिए मिट्टी खोदने गई थी।
मिट्टी खोदने के बाद तीनों सहेलियां पास में बने चंद्रावल नदी केे चेकडैम में नहाने चली गईं। नहाते समय जयंती का पैर फिसल जाने से वह चेकडैम में डूब गई। सहेलियों ने चीख-पुकार मचाने की बजाय गांव आकर जानकारी दी लेकिन ग्रामीणों के पहुंचने के पहले ही छात्रा की मौत हो चुकी थी।
तैराकों ने पानी में एक घंटे की मशक्कत के बाद किशोरी का शव बरामद किया। चंद्रावल नदी के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना के तीन घंटे बाद पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता अवधेश कुमार किसान हैं। छात्रा की मौत के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।