फतेहपुर जिले के महाखेड़ा गांव में मंगलवार रात पड़ोसी के घर में कुत्ता घुसने पर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी और कुल्हाड़ी चलीं। एक पक्ष से महिला, उसका पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों को जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर किया गया। जहां बुधवार सुबह महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। थानेदार का कहना है कि परिजनों के कानपुर से लौटने के बाद तहरीर मिलेगी, इसके बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
ललौली थानाक्षेत्र के महाखेड़ा गांव के बुद्धीलाल सोनकर ने कुत्ता पाल रखा है। इनका कुत्ता मंगलवार रात पड़ोसी टिर्रा उर्फ राम बहादुर के घर में चला गया। इस पर टिर्रा ने गाली गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि टिर्रा ने भाई मन्ना, बेटे बीरन, नीरज और भतीजे शैलेंद्र के साथ लाठी डंडा और कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। हमले में बुद्धीलाल, उसका बेटा आशीष और विवाहिता बेटी पिंकी गंभीर रूप से घायल हो गईं।