गांव में युवती की मौत के बाद गमगीन बैठे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के उन्नाव जिले में आसीवन थानाक्षेत्र में एक युवती ने अपने मातृपूजन के बाद रात में जहर खाकर जान दे दी। गुरुवार को उसकी बारात आनी थी लेकिन शादी वाले दिन उसकी अर्थी उठी। पुलिस ने मौके पर जांच की। परिजनों से घटना की जानकारी तो सभी अनजान बने रहे।
आसीवन थानाक्षेत्र के टिकाना गांव निवासी सोहनलाल ने अपनी बेटी रूमा (20) का विवाह सफीपुर कोतवाली के गांव देवगांव निवासी जुल्मी धानुक के बेटे मनोज से तय किया था। गुरुवार को रूमा की बारात आनी थी। घर पर शादी की तैयारियां चल रही थीं। बुधवार देर शाम परिवार के लोग और रिश्तेदार मातृपूजन की तैयारी कर रहे थे। तभी रूमा सिर में दर्द होने की बात कह कर कमरे में चली गई।
परिजन भी कार्यक्रम पूरा होने के बाद सोने चले गए। रात में ही रूमा ने घर में रखा जहर पी लिया। गुरुवार सुबह रूमा सोकर नहीं उठी तो मां सुखरानी उसे जगाने पहुंची। कई बार आवाज देने पर भी रूमा नहीं उठी तो हिलाया लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत न होने पर मौत की जानकारी हुई। मां ने परिवार व रिश्तेदारों को बताया।