हरदोई जिले के कछौना में प्रेमी के घर पर युवती के आत्मदाह किए जाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को मुख्य आरोपी समेत उसके माता व पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नई बस्ती मन्ना पुरवा हरदोई निवासी स्वर्गीय छोटे लाल की 24 वर्षीय पुत्री रीता ने थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी प्रेमी प्रशांत के घर जाकर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसी रीता को युवक के परिजनों ने लखनऊ में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
मृतका की मां राम देवी ने प्रशांत समेत उसके माता-पिता पर बेटी को जलाकर मारने का आरोप लगाया था। बताया था कि उसकी बेटी रीता की शादी एक साल पहले प्रशांत से तय हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बात होती थी, लेकिन कुछ समय पहले प्रशांत के मामा का निधन हो गया।
जिस पर उसके परिजनों ने उसे अपशकुन बता शादी तोड़ दी थी। मां रामदेवी ने बताया कि शादी टूटने के बाद से रीता काफी परेशान रहती थी। वह प्रशांत से मिलने उसकी घर गई थी, जहां घटना हो गई।
पुलिस ने रामदेवी की तहरीर पर प्रशांत समेत उसके पिता व शिक्षक राजेंद्र एवं मां निर्मला के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। कोतवाल राय सिंह ने बताया कि शनिवार को आरोपी प्रशांत, पिता राजेंद्र व मां निर्मला को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंच कहा, निर्दोष है प्रशांत
आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद गांव के लोग कोतवाली पहुंच गए और तीनों आरोपियों को निर्दोष बताया। कोतवाल राय सिंह ने कानून का हवाला देकर ग्रामीणों को शांत कराया।