यूपी के हरदोई जिले में हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मां के साथ सो रही मासूम बेटी का शव गांव के बाहर बाग में मिला है। छात्रा की गला रेतकर हत्या की गई है। एसपी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। मां ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बेटी की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना में बेटी के साथ दुष्कर्म करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक गुजरात में मजदूरी करता है। घर पर उसकी पत्नी पांच बच्चों के साथ एक कच्ची कोठरी में रहती है। बुधवार की रात वह बच्चों के साथ छप्पर के नीचे सो रही थी। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उसकी सात साल की बेटी लापता हो गई। मां की नींद खुली तो उसने बच्ची की तलाश की लेकिन पता नहीं चला। इस पर उसने अपने रिश्तेदारों को जानकारी दी।
सभी रात में बालिका की तलाश करती रहे लेकिन उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह घर से चार सौ मीटर की दूरी पर गांव के पश्चिम में एक बाग में उसका शव पड़ा मिला। उसके गले में धारदार हथियार के वार का निशान था। मासूम बच्ची प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी पर एसपी आलोक प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।