युवती का शव मिलने के बाद मौके पर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
इटावा के जसवंतनगर में लगभग 22 साल उम्र की एक युवती की गला रेत कर हत्या कर दी गई। थाना क्षेत्र के नगलाबाबा गांव जाने वाले मार्ग पर मौजूद एक खेत में शनिवार सुबह उसका शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने देखा तो गांव में सनसनी फैल गई। तमाम लोग मौके पर पहुंच गए।
एएसपी सिटी रामयश सिंह ने मौके पर जाकर ग्रामीणों से युवती के बारे में पूछताछ की लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। उन्होंने आशंका जताई कि युवती की हत्या करके शव को यहां लाकर फेंका गया है। शनिवार सुबह करीब सात बजे नगलाबाबा गांव को जाने वाले मार्ग पर मौजूद खेत में ग्रामीणों ने युवती का शव पड़ा देखा। वह नीले रंग का स्वेटर, बैगनी कलर की पाजामी, छींटदार कुर्ता और गले में पीले रंग का स्टाल पहने थी।