इटावा में एक नौ वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म कर हत्या किए जाने से जसवंतनगर इलाका दहल गया। पुलिस ने रात में ही बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर संभावित जनाक्रोश को शांत करने का प्रयास किया। यह घटना जसवंतनगर कस्बे से 6 किलोमीटर दूर आबाद गांव धरबार में गुरुवार देर शाम घटित हुई है।
घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसे खोजने मे जुटी है। दुष्कर्म कर हत्या की घटना को अंजाम देने वाला वाला युवक 25 वर्ष का है । जाटव जातीय यह युवक सचिन पुत्र राकेश जाटव इटावा शहर के घटिया अजमत अली मोहल्ला का निवासी बताया गया है। वह अपने बहनोई प्रताप सिंह जाटव के यहां अक्सर आया जाया करता था। गुरुवार रात भी गांव में ही था।
जानकारी के मुताबिक धरवार गांव निवासी और नई दिल्ली मेट्रो में काम करने वाले व्यक्ति की चार बेटियां एक शादी समारोह में गुरुवार शाम साढ़े सात बजे गयी हुयीं थी। वहां डी.जे. में ये चारों बेटियों ने डांस देखा। बताते हैं कि लगभग रात आठ बजे इन बेटियों में से दूसरे नम्बर की 9 वर्षीया को सचिन ने बुलाया और तंबाकू की पुड़िया लाने के लिए कहा।
मासूम तम्बाकू लेने गयी , इसी बीच धरवार से धौलपुर खेड़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर सचिन ने इसे दबोचकर दुष्कर्म किया और हत्या कर शव को झाडि़यों के पास स्थित ग्राम निवासी संतोषकुमार बाल्मीकि के घर के पास बने शौचालय में फेंक दिया। मेट्रों रेलवे कर्मी की चार बेटियों में से तीन तो रात 9 बजे अपने घर पहुंच गईं मगर दूसरे नम्बर की नही पंहुंचीं ,तो घर मे हड़कम्प मच गया और तलाश शुरू हुई तो लोगों ने बताया कि उसे सचिन जाटव के साथ देखा गया।
इसी दौरान सूचना मिली कि मासूम का शव संतोष कुमार के शौचालय के पास पड़ा है। मौके पर ग्रामीण और परिजन पंहुंचे तो खून से लथपथ बालिका का शव मिला। जिसके दोनों हाथ कसकर बांधे गए थे और मुंह मे कपड़ा ठूंसा गया था, ताकि वह चीख चिल्ला न सके।
परिजनों ने आरोप लगाया कि दरिंदे ने दुष्कर्म के बाद उसका गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका के गले पर गाला दबाने के गहरे नीले निशान मिले हैं। इसके बाद वह शव फेंककर फरार हो गया। घटना की सूचना पर थाना पुलिस रात्रि में ही गांव पहुंच गयी और पिता से धारा 376 के तहत नामजद तहरीर लेकर आनन फानन में रात को ही बालिका के शव को पोस्टमार्टम को रवाना कर दिया।