उरई के महेवा में चुर्खी थाना क्षेत्र के मुसमरिया गांव में बुधवार शाम पेड़ से लटके मिले युवती के शव की शिनाख्त हो गई है। युवती मुसमरिया से पांच किमी. के दायरे में स्थित दूसरे गांव की निकली। हैरत की बात यह है कि बुधवार को ही युवती की बड़ी बहन की शादी थी और उसी दिन उसका फांसी लगाना किसी के गले से नहीं उतर रहा है।
सीओ कालपी राहुल पांडे का कहना है कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बता दें कि बुधवार शाम को मुसमरिया गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नीम के पेड़ से एक 20 साल की युवती का शव लटका मिला। रात तक पुलिस शव की शिनाख्त का प्रयास करती रही।
देर रात नजदीक के गांव के लोगों ने शव की शिनाख्त की तो पता चला कि युवती दो दिन पहले गांव के दो युवकों के साथ निकली थी। जिसे बाद में घर वापस भी लाया गया था। फिर युवती का शव उसी दिन पेड़ से लटकता मिलना हैरत में डालता है।
परिजन भी युवती की तलाश के बजाए शादी में व्यस्त रहे। मामले को लेकर ग्रामीण भी तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवती के लापता होने की कोई सूचना पुलिस को भी नहीं दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।