लड़की गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती है।
कानपुर स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाकर तीमारदारों ने जमकर हंगामा काटा। मरीज के परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर अलग-अलग बीमारियां बताकर रुपये ऐंठने में लगे हैं। दो लाख रुपये अब तक जमा कराये जा चुके हैं 20 लाख रुपये की अतिरिक्त डिमांड की जा रही है।
सर्वोदय नगर स्थित एक अस्पताल में बर्रा विश्वबैंक निवासी प्रदीप कश्यप की बेटी स्नेहा (13) को गंभीर हालत में रविवार को भर्ती कराया गया था। उसे ठंड लगने के बाद बुखार आया था। डॉक्टरों ने आंत में छेद होने की बात कह कर करीब दो लाख रुपये ऑपरेशन के लिये जमा कराये। इसके बाद भी स्नेहा की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। स्नेहा की हालत और बिगड़ती गई जांच में डेंगू की पुष्टि भी हो गई। अब उसे नाजुक हालत में आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। लड़की के पिता प्रदीप के मुताबिक अस्पताल के डॉक्टर 20 लाख रुपये और मांग रहे हैं। उधर अस्पताल प्रशासन ने इस विषय पर अभी तक कुछ भी बोलने से इनकार किया है।