कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी समस्याओं के संबंध में नगर आयुक्त तो ज्ञापन देते हुए।
- फोटो : संगठन
कानपुर। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, युवा अध्यक्ष सत्यप्रकाश जायसवाल की अगुवाई में बुधवार को व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त सुधीर कुमार को ज्ञापन दिया। इसमें मनमाने गृहकर से निजात दिलाने, बाजार में पार्किंग की व्यवस्था कराने की मांग उठाई।
चुन्नीगंज कन्वेंशन सेंटर का नाम पूर्व सांसद स्वर्गीय श्याम बिहारी मिश्रा के नाम पर करने की बात रखी गई। व्यापारियों ने कहा कि व्यावसायिक-आवासीय भवनों के लिए नगर निगम की ओर गृहकर बढ़ाकर नोटिस भेजे जा रहे हैं। जलकर और सीवर कर में कई गुना वृद्धि कर दी गई है। उसमें अधिभार बहुत ज्यादा है।
इसको माफ किया जाना चाहिए। जिला महामंत्री कृपाशंकर त्रिवेदी ने शहर के प्रमुख बाजार में पार्किंग व्यवस्था की मांग उठाई। कहा कि जिन बाजार में पार्किंग व्यवस्था है, वहां पर बड़े-बड़े अक्षरों से इसको अंकित किया जाए।
जाम से निजात दिलाने के लिए गंभीर प्रयास किए जाएं। युवा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में एक समान नामांतरण शुल्क का शासनादेश जारी होने के बावजूद शहरवासियों को इसका लाभ नहीं दिया जा रहा है।
युवा इकाई के महामंत्री रोमी सिंह और कोषाध्यक्ष राहुल दीक्षित ने कहा कि शहर में अहमदाबाद, इंदौर की तर्ज पर फूड पार्क विकसित किया जाए। इस मौके पर अमित दोसर, रामजी शुक्ला, मनीष बाजपेई, सचिन शुक्ला, रमाशंकर अग्रहरि, गीता गुप्ता, अंकित मिश्रा, ऋतिक, हिमांशु वैश्य आदि मौजूद रहे।