यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार ई-सुविधा और ई-समाधान के जरिए नेता और पदाधिकारियों को परमीशन ताबड़तोड़ मिलेगी। जहां पहले हाल ऐसा था कि नेताओंं को कई दिन पहले कार्यक्रम की योजनाओं के लिए माथापच्ची करनी पड़ती थी, अब इस सहुलियत से उन्हें कई कार्यों में बड़ी राहत मिल जाएगी।
इनमें हेलीकाप्टर और हेलीपैड के लिए परमीशन, मीटिंग लाउडस्पीकर के साथ करने के संबंध में,वाहन परमीशन, जुलुस लाउडस्पीकर के साथ, गाड़ी के ऊपर लाउडस्पीकर लगाकर प्रचार करना, स्टेज/जन सभा के लिए परमीशन ,पंजीकरण, स्थिति, रिमाइंडर व दर्ज शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ऑनलाइन वेबसाइट पर मिलेगी।
इस बाबत चित्रकूट कलक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ ई-सुविधा और ई-समाधान पर बैठक हुई। जिसमें बताया गया कि ई-सुविधा 6 प्रकार से है। बता दें ई-सुविधा व ई-समाधान के साथ ऑफ लाइन की भी प्रक्रिया रहेगी जिसमें चुनाव संबंधी शिकायत संबंधित आरओ के स्तर पर किया जायेगा।
समाधान के लिए जिलाधिकारी के स्तर पर आफ लाइन आवेदन होगा। जिसमें मोबाइल नम्बर अनिवार्य हैं तभी समस्या का निराकरण होगा। इस मौके पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार यादव ने स्क्रीन में कंप्यूटर के माध्यम से जानकारी दी। अपर जिलाधिकारी विजय नारायण पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी ए दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।