बांदा जिले में शनिवार से शुरू हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरीब कल्याण रोजगार अभियान में बुंदेलखंड के दो जिलों बांदा और जालौन भी शामिल हैं। दोनों जिलों में लगभग 1.53 लाख प्रवासी मजदूर हैं। अभियान के तहत इन मजदूरों को वर्ष में 125 दिन रोजगार मुहैया कराया जाएगा।
विज्ञापन
ग्राम पंचायत सचिवों से प्रवासी और काम के इच्छुक मजदूरों की सूची मांगी गई है। ग्राम विकास विभाग को इस अभियान/योजना का नोडल बनाया गया है। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश सहित देश के 6 राज्यों के 116 जिलों में लिए गरीब कल्याण रोजगार अभियान लागू करने की घोषणा शनिवार को थी।
प्रधानमंत्री ने कहा है कि योजना का मकसद महानगरों से लौटे प्रवासी मजदूरों और गांव के लोगों को स्थानीय स्तर पर काम देकर आजीविका के अवसर प्रदान करना है। उत्तर प्रदेश में यह अभियान 31 जिलों में लागू हुआ है। अभियान में बुंदेलखंड में मात्र दो जिलों बांदा और जालौन को शामिल किया गया है यानी बुंदेलखंड के दोनों मंडलों झांसी और चित्रकूटधाम मंडल से एक-एक जिला चयनित किया गया है।
विज्ञापन
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बांदा और जालौन में प्रवासी मजदूरों की संख्या 1.53 लाख है। गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत कामगारों को उनकी रुचि और कौशल (महारत) के मुताबिक उन्हें रोजगार व स्वरोजगार उपलब्ध कराए जाएंगे।
गरीब कल्याण रोजगार अभियान में शामिल काम
ग्रामीण सार्वजनिक परिसंपत्तियों सड़क निर्माण, ग्रामीण आवास, बागवानी, पौधरोपण, जल संरक्षण, सिंचाई, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन, जल, जीवन आदि से जुड़े 25 कार्य गरीब कल्याण रोजगार में शामिल किए गए हैं। प्रवासी व स्थानीय मजदूरों को अपने ही गांव में जीविकोपार्जन के अवसर मिलेंगे। साथ ही उनके गांवों का विकास होगा।
अभियान में शामिल प्रदेश के जिले
बांदा, जालौन, फतेहपुर, उन्नाव, हरदोई, रायबरेली, सिद्धार्थनगर, प्रयागराज, गोंडा, महाराजगंज, बहराइच, बलरामपुर, जौनपुर, आजमगढ़, बस्ती, गोरखपुर, सुल्तानपुर, कुशीनगर, संतकबीर नगर, अंबेडकर नगर, सीतापुर, वाराणसी, गाजीपुर, प्रतापगढ़, अयोध्या, देवरिया, अमेठी, लखीमपुर खीरी, बस्ती, मिर्जापुर, और कौशांबी।
4850 कामगारों ने प्रधानमंत्री का भाषण सुना
मुख्य विकास अधिकारी हरिश्चंद्र वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को करीब कल्याण अभियान का शुभारंभ किया है। उन्होंने बताया कि जिले के 4850 प्रवासी कामगारों ने कामन सर्विस सेंटर के माध्यम से पीएम को सुना। प्रधानमंत्री ने अभियान और उसके लाभों सहित विभिन्न जानकारियां दीं।