शातिर बदमाश अमित शर्मा उर्फ पिल्ला डॉन
कानपुर में फीलखाना थाना क्षेत्र के चार्लिस चौराहे के पास शुक्रवार तड़के शातिर बदमाश अमित शर्मा उर्फ पिल्ला डॉन की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अमित के बाएं पैर में गोली लगी। घायल को पुलिस ने केपीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस व दो खोखे बरामद हुए हैं।
कोतवाली सीओ अजय कुमार के मुताबिक तड़के 3:40 पर फीलखाना पुलिस ने मल्टीलेवल पार्किंग के पास चार्लिस चौराहे से फुलबाग की तरफ जाते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। आवाज देने पर वह भागने लगा।
इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोली चलाई। जो उसके पैर में जा लगी। पकड़ा गया अमित शर्मा उर्फ पिल्ला डॉन पर लूट, हत्या का प्रयास, एनडीपीएस एक्ट के डेढ़ दर्जन मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। साथ ही गुंडा एक्ट और गैंगेस्टर की भी कार्रवाई उसके खिलाफ की जा चुकी है।