कानपुर के किदवई नगर से शनिवार को वैन सवार तीनों दरिंदों ने पंद्रह साल की किशोरी को अगवा कर गैंगरेप किया। रात में बाइक से उसे बेहोशी की हालत में रामादेवी स्थित कांशीराम ट्रामा सेंटर के बाहर छोड़कर भाग गए। परिजन किशोरी को कांशीराम ट्रामा सेंटर ले गए, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
पीड़ित परिवार ने की तहरीर पर चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस का कहना है कि दरिंदों ने किशोरी की आंखों को कोई ज्वलनशील पदार्थ डाला है। इससे उसकी आंखों में जलन हो रही है और ब्लड भी बह रहा है। किशोरी के पूरी तरह होश में आने पर उससे पूछताछ की जाएगी।
सनिगवां निवासी प्राइवेट कर्मी की बेटी किदवई नगर में एक मूक-बधिर स्कूल में सफाई का काम करती है। परिजनों ने बताया कि सुबह किशोरी का भाई उसे किदवई नगर स्थित कल्याणजी बेकरी के पास छोड़कर आया था। वहां से वैन सवार दरिंदों से उसे अगवा कर लिया। शाम तक किशोरी घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
देर रात बाइक सवार युवक लहूलुहान हालत में कांशीराम ट्रामा सेंटर के बाहर उसे छोड़कर चले गए। किशोरी ने होश में आने पर आसपास के लोगों को घरवालों का मोबाइल नंबर बताकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन वहां पहुंचे और किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हल्का होश में आने पर खुद के साथ दरिंदगी के बारे में किशोरी ने पुलिस को बताया।
इसके बाद वह दोबारा बेहोश हो गई। दरिंदों ने उसकी आंख में मिर्ची जैसा कुछ डाल दिया है। इससे वह किसी को पहचान भी नहीं पा रही है। कार्यवाहक थाना प्रभारी का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। किशोरी के पूरी तरह होश में आने पर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। किशोरी के बताए हुलिए के आधार पर दरिंदों की तलाश भी की जाएगी।