यूपी के कन्नौज जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार शाम छह बजे मामा-भांजे ने युवती से खेत में गैंगरेप किया और घटना का वीडियो बना वायरल कर दिया। इससे आहत युवती ने सोमवार सुबह घर पर जहर खा लिया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शाम को होश आने पर उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 18 वर्षीय युवती रविवार शाम खेतों की ओर गई थी, तभी गांव के अनिल ने अपने भांजे विपिन कुमार के साथ युवती को पकड़ लिया और एक मक्का के खेत में ले गए, जहां दोनों ने गैंगरेप किया। इस दौरान घटना का मोबाइल से वीडियो बना लिया। युवती ने जब शिकायत करने की बात कही तो, दोनों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों ने वीडियो भी वायरल कर दिया।
सोमवार सुबह वीडियो देखकर आहत हुई पीड़िता ने घर में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां सोमवार शाम आठ बजे पीड़िता को होश आया और परिजनों को जानकारी दी। परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची पीड़िता ने अनिल और विपिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि अनिल को गिरफ्तार कर लिया गया है और जल्द ही दूसरे युवक को पकड़ लिया जाएगा।