फोटो
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 21 नमूने जांच को भेजे
माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। दीपावली पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों पर विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। न्यू आजाद नगर, कल्याणपुर स्थित मेसर्स शुभ कॉर्नर स्वीट्स, एग्लेस बेकरी एंड रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान अत्यधिक गंदगी मिली। खाद्य पदार्थों का रखरखाव भी मानकों के अनुरूप नहीं था। इस पर विभाग ने दुकान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया और सुधार होने तक उसे बंद करा दिया।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने पनकी पड़ाव, गुटिया क्रॉसिंग, शास्त्री नगर, गोविंद नगर, घाटमपुर, लालपुर घाटमपुर, संजय नगर नौबस्ता, हरबंश मोहाल और न्यू आजाद नगर, कल्याणपुर में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीमों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ ही साफ-सफाई, भंडारण और रखरखाव की स्थिति जांची। इस दौरान खोया, बेसन, बेसन के लड्डू, डोडा बर्फी, दूध बर्फी, पनीर, छेना मिठाई, रसगुल्ला, कुंदा मिठाई, बूंदी, चांदी युक्त बर्फी और नमकीन समेत 21 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सहायक आयुक्त संजय प्रताप ने बताया की सभी 21 नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा है रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खाद्य कारोबारियों को मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री अखबार या प्रिंटेड कागज में न देने की हिदायत भी दी गई।