कानपुर में फर्नीचर कारीगर सर्वेश राजपूत (32) की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। अवैध संबंधों के विवाद में सर्वेश के बेहद करीबी ने साजिश रची और उसके परिचित ने हत्या की। पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
चकेरी के सजारी गांव निवासी सर्वेश शुक्रवार देर रात लापता हो गया था। दूसरे दिन घर के पीछे खंडहर में शव पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर मारने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की तो उसके करीबी ही शक के घेरे में आए। डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार का कहना है कि कुछ पुख्ता सुराग मिले हैं। वारदात का जल्द खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
फोन कॉल से हुआ खुलासा
शुक्रवार रात सर्वेश घर पर ही परिवार के साथ सो रहा था। देर रात करीब एक बजे उसके पास किसी का फोन आया। बातचीत के बाद सर्वेश ने पत्नी से कहा कि कुछ देर में आ रहा है। इसके बाद उसकी लाश मिली। यही कॉल डिटेल खंगाली गई तो हत्यारा ट्रेस हो गया।