कानपुर। वाराणसी में होटल लीज पर दिलाने का झांसा देकर जाजमऊ के ट्रैवल संचालक से 19.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर जाजमऊ पुलिस ने वाराणसी के होटल संचालक, मैनेजर समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
तिवारीपुर निवासी सचिन पाल ने जाजमऊ थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका रूही एंड ट्रैवल्स के नाम से कारोबार है। मई 2025 में उनके कार्यालय के सामने रहने वाले सक्षम जायसवाल ने हिमांशु गुप्ता नाम के युवक से मुलाकात कराई। सक्षम ने बताया कि हिमांशु वाराणसी के लंका अस्सी घाट रोड पर स्थित होटल प्रकाश पैलेस में मैनेजर हैं। हिमांशु ने 11 दिसंबर 2025 को उन्हें फोन कर कहा कि होटल के बगल में एक होटल खाली है अगर वह चाहें तो उसे लीज पर ले सकते हैं। इसके बाद हिमांशु एक महिला के साथ उनके ऑफिस आए। उसने महिला को अपनी पत्नी तृषा बताया। हिमांशु ने होटल के लीज की बात करते हुए एक लाख रुपये उनसे लिया। एक जनवरी को वाराणसी में उन्हें होटल के मालिक सौरभ सिंह से मिलवाया गया। उन्हें 25 लाख रुपये में तीन वर्ष के लिए होटल लीज पर देने और दो लाख रुपये महीना किराया देने की बात कही गई। उन्होंने 19.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद वह 18 जनवरी को एग्रीमेंट के लिए वाराणसी पहुंचे तो पता चला कि हिमांशु दो दिन से होटल नहीं आएं हैं। उनका मोबाइल भी बंद बता है। इसके बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी का पता चला।
जाजमऊ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि सीपी के आदेश पर हिमांशु गुप्ता, सौरभ सिंह, होटल प्रकाश के मालिक, अन्य तीन के खिलाफ आपराधिक साजिश की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।