गैब ग्राम विकास क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी के नाम से फर्जी शाखा खोलकर निवेश के नाम पर करीब तीन सौ लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिए गए। पीड़ित के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री समेत सीबीआई तथा पुलिस के आलाधिकारियों को पत्र लिखने पर कल्याणपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। नौ आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार पांडेय के मुताबिक बारासिरोह, कल्याणपुर निवासी अनिल कुमार त्यागी का आरोप है कि शास्त्री नगर मार्केट में सोसाइटी के नाम से एक शाखा खोली गई थी। वर्ष 2016-2017 के बीच शहर के 200-300 लोगों को फंसाकर यहां के अधिकारियों व कर्मचारियों ने निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये ठग लिए।
जब निवेशकों ने पैसे मांगे तो सोसाइटी के लोगों ने इंकार कर दिया। और कुछ दिन बाद दफ्तर बंद कर फरार हो गए। अनिल का आरोप है कि तब वह नौबस्ता थाने से लेकर आलाधिकारियों के चक्कर लगाते रहे लेकिन किसी ने नहीं सुनी। इंस्पेक्टर का कहना है कि दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जल्द कार्रवाई होगी।