उत्तर प्रदेश के इटावा में एक दिल दहला देने हादसा सामने आया है। हीटर से ताप रहे सदर कोतवाली क्षेत्र के एसडी फील्ड स्थित लेखा परीक्षा विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मी की बुधवार शाम करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। कर्मी जिला लेखा परीक्षा अधिकारी का कार चालक बताया जा रहा है।
बुधवार शाम करीब सात बजे एसडी फील्ड स्थित लेखा परीक्षा विभाग में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मी अशोक कुमार निवासी बर्रा कानपुर हीटर ताप रहे थे। तभी वह करंट की चपेट में आ गए। इससे कर्मचारी की जलकर मौत हो गई। खिड़कियों से आग की लपटे व धुआं निकलता देख लोगों ने सूचना दमकल विभाग को दी।
दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार अशोक, जिला लेखा परीक्षा अधिकारी का कार चालक था। वह यहां करीब तीन साल से रह रहा था। सीओ राजीव सिंह ने बताया कि चतुर्थ श्रेणी कर्मी जिला लेखा परीक्षा विभाग के एक नंबर कमरे में रह रहा था। वह शराब का लती थी। कमरे से एक शराब की खाली व एक भरी बोतल बरामद हुई है। लेखा परीक्षा विभाग के अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मृतक के परिजनों का फोन नंबर हासिल कर जानकारी दी गई है।
विभाग में रुकने की नहीं है अनुमति
लेखा परीक्षा विभाग में किसी अधिकारी व कर्मचारी को रुकने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद वह विभाग के एक उच्चाधिकारी के कहने पर कमरा नंबर में एक साल से रहा था। विभाग के अधिकारी के मुताबिक अशोक करीब तीन सालों से विभाग में है। नशे का लती होने के चलते एक बार इसका वेतन रोक दिया गया था। उच्चाधिकारियों के कहने पर वेतन लगा और साथ ही विभाग में रहने की अनुमति दी गई। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक उच्चाधिकारी वर्तमान में लखनऊ में है।