पत्नी की मदद से किया चार वर्षीय साले का अपहरण
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद जिले में आर्मी के रिटायर्ड कुक के चार वर्षीय पुत्र का बुधवार रात घर में सोते समय दामाद ने बेटी की मदद से फिरौती के लिए अपहरण कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो बच्चे को ले जाता युवक दिखाई दिया।
अपहर्ता कुक के दामाद की तरह लग रहा था। पुलिस ने अज्ञात पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर चंद घंटों में एटा जिले से बच्चे को बरामद कर बेटी, दामाद व उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के नगला नैन निवासी चरन सिंह आर्मी के रिटायर्ड कुक हैं।
उनके संतान नहीं थी। उन्होंने अपने भाई एटा के थाना जैथरा के गांव धुमरी निवासी रघुवीर की बेटी नीतू को गोद ले लिया था। इसके बाद उनके एक बेटी शिवानी हुई। शिवानी की उम्र 16 वर्ष है। चरन सिंह ने थाना कंपिल के गांव मिस्तनी निवासी अपनी पत्नी रुक्मणी के भाई हेत सिंह के 11 दिन के बेटे अभि को गोद ले लिया।
अभि अब चार वर्ष का हो गया है। 30 जून को नीतू ने एटा जिले के थाना बागवाला गांव सरमनपुर निवासी सार्थक यादव उर्फ रामू से प्रेम विवाह कर लिया था। दोनों एटा के थाना बागवाला कसौटी मोड़ पर रहने लगे। एक दिन पूर्व नीतू अपने पति सार्थक व फिरोजाबाद के एका गांव कोडरा निवासी उसके दोस्त जय किशन उर्फ जानू के साथ रन सिंह के घर नगला नैन आई।
चरन सिंह के पूछने पर नीतू ने बताया कि वह दवाई लेने आई है। चरन सिंह नीतू के प्रेम विवाह करने से नाराज थे। चरन सिंह का दो मंजिला मकान है। बुधवार को वह ऊपर के कमरे में सो रहे थे। दूसरे कमरे में उनकी बेटी शिवानी सो रही थी।
नीचे के कमरे में उसकी पत्नी रुकमणी देवी चार वर्ष के पुत्र अभि के साथ सो रहीं थीं। नीतू पिता के घर रुक गई और पति सार्थक व उसके दोस्त जयकिशन को वापस घर भेज दिया। रात 1.30 बजे अभि को रुकमणी ने दूध गर्म करके पिलाया और सो गईं। इसके कुछ देर बाद रुकमणी ने अभि को बिस्तर से गायब देखा तो शोर मचाया।
चरण सिंह ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाल जय प्रकाश पाल व कर्नलगंज चौकी इंचार्ज तेजबहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे। उसमें एक युवक चेहरे पर अंगौछा बांधे अभि को गोद में ले जाता दिखाई दे रहा था।
उसकी कद काठी सार्थक की तरह थी। सार्थक के बारे में उसकी पत्नी नीतू भी सही जानकारी नहीं दे सकी। इस पर पुलिस नीतू को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। पुलिस ने चरन सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया।
सर्विलांस पर सार्थक के मोबाइल की लोकेशन कासगंज में मिली। एसओजी टीम महिला दरोगा सीमा पटेल व नीतू को साथ लेकर सर्विलांस के जरिए सार्थक की तलाश करते हुए एटा के थाना बागवाला कसौटी मोड़ निवासी मकान मालिक अमलेश कुमार के घर पहुंची।
वहां किराए पर रह रहे सार्थक के कमरे से अभि को बरामद कर उसको साथी समेत पकड़ लिया। एसपी डॉ. अनिल मिश्र ने प्रेस वार्ता में बताया कि अभि की बहन नीतू व उसके पति सार्थक तथा दोस्त जयकिशन को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन्होंने फिरौती के लिए अभि का अपहरण किया था। घटना में प्रयुक्त बाइक समेत पांच मोबाइल बरामद किए गए हैं।