चार व्यापारियों की कार घेरकर पिटाई
- फोटो : अमर उजाला
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास-पनकी रोड पर सोमवार को मैनपुरी से आए चार व्यापारियों की कार घेरकर बाइक सवार युवकों ने सड़क पर जमकर मारपीट की। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट करने के बाद मोबाइल और चेन लूट ली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि चारों व्यापारी में से एक आदित्य वर्मा ने बताया कि कारोबार के सिलसिले में मैनपुरी से कानपुर आए थे। आवास विकास क्षेत्र में उनकी कार को बाइक सवार युवकों ने रोक लिया। इसके बाद युवकों ने कार सवारों को बाहर निकालकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। वीडियो में कई युवक व्यापारियों को घेरकर हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। जान बचाने के लिए व्यापारी लोगों के बीच भागते नजर आए।
एक्सीडेंट की बात कहकर घेरने की आशंका
मारपीट के दौरान युवक बार-बार कार सवारों पर किसी व्यक्ति का एक्सीडेंट करके भागने का आरोप लगाते सुनाई दे रहे हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कार और बाइक के बीच टक्कर होने की बात सामने आई है। हालांकि, एक्सीडेंट किससे हुआ और उसमें कोई घायल हुआ या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि टक्कर के बाद कार सवारों को रोककर मारपीट किस वजह से की गई। व्यापारियों का कहना है कि वे कानपुर में किसी व्यक्ति को जानते तक नहीं हैं। अचानक कुछ युवकों ने उनकी कार रोक ली और बिना पूरी बात समझे उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके मोबाइल और चेन भी छीन ली। घटना के बाद व्यापारियों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।