कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम में आठ साल बाद वनडे क्रिकेट का रोमांच लौटने जा रहा है। 30 सितंबर से शुरू होने वाली भारत-ऑस्ट्रेलिया ए की तीन मैचों की सीरीज के लिए रविवार को बीसीसीआई ने टीम की घोषणा कर दी। पहले वनडे में टीम की कमान रजत पाटीदार संभालेंगे जबकि दूसरे और तीसरे वनडे के लिए एशिया कप में धमाल मचा रहे तिलक वर्मा को कप्तान बनाया गया है।
बीसीसीआई ने इस सीरीज के लिए एशिया कप में शामिल चार भारतीय खिलाड़ियों को दूसरे और तीसरे वनडे में जगह दी है। इनमें अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, अर्शदीप सिंह और रियान पराग प्रमुख हैं। इनका प्रदर्शन आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे (18 अक्टूबर से शुरू होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज) से पहले अहम माना जा रहा है।
रोहित-विराट पर विराम
कयास लगाए जा रहे थे कि दर्शकों को आकर्षित करने के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली को टीम में शामिल किया जा सकता है लेकिन बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस पर विराम लगा दिया। हालांकि, तिलक वर्मा, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, हर्षित राणा, प्रभसिमरन सिंह और रजत पाटीदार जैसे सितारे निश्चित रूप से दर्शकों को स्टेडियम तक खींच लाएंगे।
दूधिया रोशनी में खेले जाएंगे मुकाबले
ग्रीनपार्क में पहली बार पूरी वनडे सीरीज के तीनों मैच खेले जाएंगे। ये मैच 30 सितंबर, तीन अक्तूबर और पांच अक्तूबर को दोपहर 1:30 बजे से दूधिया रोशनी (फ्लडलाइट्स) में खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया ए टीम 16 सितंबर से लखनऊ में दो चार-दिवसीय मैच खेलेगी। 26 सितंबर को दूसरा मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमें 27 सितंबर को कानपुर पहुंचकर ग्रीनपार्क में तैयारी करेंगी। डायरेक्टर डाॅ. संजय कपूर ने कहा कि एशिया कप के सितारों के साथ जब दोनों टीमें ग्रीनपार्क में खेलने उतरेंगी तो दर्शकों का उत्साह अंतरराष्ट्रीय मैच जैसा दिखाई देगा।
तीनों मैच के लिए टीम
पहले वनडे के लिए टीम : रजत पाटीदार (कप्तान), प्रभ सिमरन सिंह (विकेटकीपर), रियान पराग, आयुष बडोनी, सुर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, निशांत सिंधु, गुरजपनीत सिंह, युधवीर सिंह, रवि बिश्नोई, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), प्रियंश आर्य, सिमरजीत सिंह।
दूसरे और तीसरे वनडे के लिए टीम : तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रियान पराग, आयुष बडोनी, सुर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, निशांत सिंधु, गुरजपनीत सिंह, युधवीर सिंह, रवि बिश्नोई, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह।