यूपी के हरदोई जनपद के संडीला और उमरताली रेल परिपथ के बीच ट्रेन से कटकर 4 गैंगमैन की मौत हो गई। यह हादसा समय हुआ जब गैंगमैन पटरी पर काम कर रहे थे। इस घटना के बाद से रेलवे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार दोपहर 12 के आसपास की है। चारो गैंगमैन संडीला-उमरताली रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन आ गई। इस घटना के बाद से रेलवे की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे पुलिस और जांच दल पहुुंच चुका है।
सोमवार शाम लगभग सात बजे मुरादाबाद मंडल के एडीआरएम शरद श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पोस्टमार्टम हाउस भी गए। उनके साथ सीनियर डिवीजनल पर्सनल ऑफिसर विपुल गोयल, सीनियर डिवीजनल इंजीनियर सेकेंड अनुराग कुमार, सीनियर डिवीजनल इंजीनियर संदीप भी मौके पर पहुंचे।
ये टीम करेगी जांच
एडीआरएम शरद श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। इस टीम में सीनियर डिवीजनल इंजीनियर अनुराग कुमार, सीनियर डिवीजनल सेफ्टी ऑफिसर तायल और सीनियर डिवीजनल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर जितेंद्र शामिल हैं।
एक कर्मचारी के लापता होने की सूचना पर रही अफरा-तफरी
घटना के बाद एक कर्मचारी के लापता होने की जानकारी पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। काफी देर तक इसको लेकर स्थिति सामान्य नहीं हो पाई। बाद में मेट पंकज ने बताया कि सिर्फ 13 लोग ही मौके पर थे। कोई भी लापता नहीं है।
तीन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस
मृतक रामस्वरूप में भाई राम भरोसे लाल ने अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। संडीला थाने में उन्होंने रेलपथ निरीक्षक, सहायक मंडल अभियंता प्रथम और सीनियर सेक्शन इंजीनियर के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। बताते चलें कि दर्ज मुकदमे में केवल पदनाम इस्तेमाल किए गए हैं।