प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों में अगले साल से छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के विशेषज्ञों की ओर से तैयार किया गया अंग्रेजी का पाठ्यक्रम लागू होगा। शनिवार को नए पाठ्यक्रम का प्रजेंटेशन विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. संजय स्वर्णकार और डॉ. बीडी पांडेय ने बरेली विश्वविद्यालय में आयोजित बैठक में दिया।
प्रो. स्वर्णकार ने बताया कि प्रदेश में एक समान पाठ्यक्रम व्यवस्था लागू करने के लिए समिति का गठन किया गया है। इस समिति ने प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों को अलग-अलग पाठ्यक्रम तैयार करने की जिम्मेदारी दी है। बरेली में हुई बैठक में सभी विश्वविद्यालयों ने अपना प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया है। बैठक की अध्यक्षता सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे ने की।
इस दौरान गोरखपुर विश्वविद्यालय, लखनऊ विश्वविद्यालय, काशी विद्यापीठ, आगरा विश्वविद्यालय समेत सभी विश्वविद्यालय से टीमों ने हिस्सा लिया। प्रो. स्वर्णकार ने बताया कि नए पाठ्यक्रम का 60 फीसदी हिस्सा सभी विश्वविद्यालय को अनिवार्य रूप से लागू करना होगा जबकि 40 फीसदी पाठ्यक्रम में विश्वविद्यालय अपने स्तर पर बदलाव कर सकता है।