जसवंतनगर। बलरई जाने वाले मार्ग पर ज्वालापुर की पुलिया के पास शनिवार शाम को दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए अपने रिश्तेदारों के घर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि इंद्रजीत निवासी झरौली उदी, पत्नी पुष्पा देवी को बाइक पर बैठाकर नगला विशुन ससुराल जा रहे थे। इसी तरह बॉबी निवासी ग्राम नगला विशुन थाना जसवंतनगर अपनी मां केतकी को बाइक से पूठन सकरौली ननिहाल में जा रहा था। इसी दौरान ज्वालापुर पुलिया के पास दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी में पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सीएससी अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह ने गंभीर हालत में इंद्रजीत, उसकी पत्नी पुष्पा देवी और केतकी सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विवि रेफर किया गया है।