जसवंतनगर। शनिवार की शाम लगभग चार बजे अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में बाइक और स्कूटी सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों में घायल हुए लोगों में एक पांच वर्षीय मासूम भी शामिल है। सभी घायलों को सीएचसी जसवंतनगर में प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जिला मैनपुरी थाना कुर्रा के गांव डुड निवासी रामदेव (40) अपनी बाइक से सैफई से जसवंतनगर की ओर जा रहे थे। रास्ते में गांव नगला नारिया मोड़ के पास कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामदेव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सीएचसी जसवंतनगर पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने आयुर्विज्ञान विवि रेफर कर दिया।
वहीं दूसरा कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर तहसील चौराहे के पास हुआ। शिवकुमार (38) निवासी कठफोरी जनपद फिरोजाबाद पत्नी सपना (35) और पुत्र श्याम (05) के साथ नगर में बाजार करने आए थे। बाजार से लौटते समय वे स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के लिए तहसील के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रहे थे। तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी जसवंतनगर भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को भी सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।