सैफई। ग्राम ककरई में रंजिश को लेकर गांव के ही चार युवकों ने दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बीच बचाव किया। पुलिस ने चार नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव ककरई निवासी रामनिवास ने थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि एक जुलाई की रात करीब नौ बजे उसका भाई बंटू भागवत पंडाल की ओर जा रहा था। गांव के ही सत्यनारायण, विकास, देवेंद्र और कांतेश लाठी-डंडे लेकर पहले से रास्ते में मौजूद थे। बंटू गली में पहुंचा, चारों ने उस पर हमला कर दिया।
शोर सुनकर जब राम निवास मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी पीट दिया। इससे उसे चोटें आईं। घटना की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे उदयवीर, सुकेश बाबू व अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।