कानपुर। दादानगर पुल की मरम्मत के दूसरे चरण का काम उत्तर और दक्षिण वासियों के लिए नासूर बन गया है। वाहनों को घंटों जाम से जूझना पड़ रहा है। इसका कारण है कि रोक के बावजूद बड़े वाहन भी पुल से निकल रहे हैं। सही डायवर्जन और ट्रैफिक पुलिस का भी इंतजाम भी ठीक नहीं है। जिसके चलते गुरुवार देर शाम यहां चार घंटे तक जाम लगा रहा। इधर विजय नगर चौराहे पर दो महीने से खुदाई चल रही है और बुधवार से ठीक चौराहे पर भी खुदाई शुरू कर दी गई। इस कारण जाम और विकराल हो गया।
दादानगर पुल पर सीटीआई से विजय नगर की ओर के हिस्से की मरम्मत का काम मंगलवार से शुरू हुआ है। पिछली बार मरम्मत के दौरान बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई थी लेकिन इस बार अफसरों को याद नहीं रहा। बस, ट्रक भी एक ही लेन से निकल रहे हैं जिससे दिन में कई बार जाम लगता है। उन्हें रोकने वाला न तो कोई पुलिस का सिपाही है और न ही ट्रैफिक विभाग का। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इस बारे में एसपी ट्रैफिक एमआर सिंह का कहना है कि बड़े वाहनों में ट्रकों को रात 9 बजे से पहले निकलने का अधिकार नहीं है। रही बात बस की तो उसे नहीं रोका जा सकता है। मौके पर सिपाही लगे हैं। शुक्रवार को मैं खुद दादानगर पहुंचकर व्यवस्था सुनिश्चित कराऊंगा।
वैकल्पिक मार्ग भी बना जाम का कारण
कानपुर। दादानगर पुल पर चल रहे काम के चलते वैकल्पिक मार्ग के लिए गोविंदनगर पुल को चुना गया है पर वहां भी जाम लग रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि फजलगंज की ओर जाने पर पिलरों के पास सफाई नहीं कराई गई है। सड़क पर गड्ढे और बिखराव होने के कारण कार-स्कूटर व बाइक वाले फंस जाते हैं। जिसके चलते दिन में कई बार जाम लगता है। गोविंदनगर की ओर से आने पर एक कार शोरूम के पास सड़क पर पेड़ है उसे आज तक नहीं हटवाया गया है। यह भी जाम का बड़ा कारण बना हुआ है।