सोमवार सुबह यूपी के कानपुर शहर में बड़ी ही दुखद घटना सामने आयी। यहां के लाल बंगला इलाके में एक कारोबारी के घर भीषण अग्निकांड हो गया। आग लगने से एक ही परिवार के चार लोग जिंदा जल मरे।
नई सब्जी मंडी निवासी साड़ी कारोबारी नीरज जैन (40) पत्नी शिल्पी (38), बेटे उज्जवल (18), बेटी मान्या (13) और मां मेमरानी (70) के साथ रहते थे। स्कूल की छुट्टी होने की वजह से मान्या शुक्लागंज उन्नाव में रहने वाले नाना सूरज नारायण जैन के यहां थी। नीरज की घर के पास में ही लालबंगला मेन रोड पर जैन साड़ी सेंटर नाम से दुकान है। दुकान को नए सिरे से बनवा रहे हैं। मंगलवार को उद्घाटन होना था। इस कारण दुकान का सारा माल घर में ही था। रविवार रात को खाना खाने के बाद नीरज और शिल्पी अपने कमरे में, जबकि उज्जवल दादी के साथ दूसरे कमरे में जाकर सो गए। तड़के करीब 4:00 बजे अचानक घर में आग लग गई। लपटों ने वहां रखी सिंथेटिक और कॉटन की साड़ियों को भी चपेट में ले लिया। इससे आग और भीषण हो गई व पूरे घर में फैल गई। तपिश और धुएं के चलते परिवार के लोगों की नींद खुली तो सभी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे।
नीरज ने चैनल का ताला खोलना चाहा लेकिन...
मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड की टीमों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
नीरज ने घर के अंदर लगे चैनल का ताला खोलना चाहा लेकिन लपटों के चलते वहां तक पहुंच ही नहीं पाए। इससे पूरा परिवार घर में ही कैद हो गया। उधर शिल्पी ने पिता सूरज नारायण और भाई अंकित को फोन कर घटना की जानकारी दी। अंकित के पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दिए जाने के बाद मीरपुर कैंट फायर स्टेशन की दमकलें मौके पर पहुंची। दमकल कर्मी मेन गेट फांदकर अंदर गए। फिर मेन गेट के बाद लगे चैनल का ताला कटर से काटा। इस समय भी कमरों में धुआं ही धुआं भरा था। लपटें भी उठ रहीं थीं।
नीरज और शिल्पी बुरी तरह से जल गए थे
बेटी नैन्सी नानी के घर गई हुई थी तभी उसकी जान बच गई।
दमकल कर्मियों ने खिड़कियों के शीशे और पीछे की दीवार को तोड़कर बौछार कर करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। ये लोग जब अंदर पहुंचे तो एक कमरे में नीरज, शिल्पी और मेमरानी बेड पर मृत पड़े थे। नीरज और शिल्पी बुरी तरह से जल गए थे। वहीं उज्जवल चैनल के सामने बने कमरे में बेड पर मृत पड़ा था। उसकी और दादी मेमरानी की मौत दम घुटने से हुई। वहीं आग से दीवारों का प्लास्टर उखड़ गया था। छत और दीवारें भी दरक गई थीं।
कैबिनेट मंत्री सतीश महाना भी पहुंचे थे सांत्वना देने
मौके पर पहुंची कई थानों और फायर ब्रिगेड की फोर्स
आग की सूचना पर एडीजी जोन अविनाश चंद्रा, एसएसपी सोनिया सिंह, एसपी पूर्वी अनुराग आर्या फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। कैबिनेट मंत्री सतीश महाना भी घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।