दूल्हे का गनप्वाइंट पर अपहरण करने वाली ‘रिवॉल्वर रानी’ की जो हालत आज है उसके बारे में शायद उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा था। ‘रिवॉल्वर रानी’ वर्षा बेसहारा जैसे दिन बिता रही है। तमाम दुष्वारियों के बावजूद वर्षा ने अभी भी हिम्मत नहीं हारी है। उसका कहना है कि कुछ भी हो जाए उसकी और प्रेमी अशोक की शादी होकर रहेगी। चाहे कुछ भी हो। पिछले एक हफ्ते से रोजाना पुलिस, मीडिया और परिजनों के सवाल-जवाबों का सामना कर रही वर्षा मौदहा कोतवाली से फिर बांदा वापस आ गई है। फिलहाल वो दोस्त राहुल के घर रह रही है।
विज्ञापन
ये था ‘रिवॉल्वर रानी’ का मामला
वर्षा सैनी
बुंदेलखंड के हमीरपुर जिले में 17 मई की रात बुधवार को गर्लफ्रेंड ने अपने ब्वायफ्रेंड को रिवाल्वर की नोंक पर शादी के मंडप से अगवा कर लिया था। तमंचा लहराते हुए वहां पर लड़की ने ऐलान किया कि यह लड़का मुझसे मोहब्बत करता है। मुझे धोखा देकर शादी कर रहा है। मैं यह होने नहीं दूंगी। इसके बाद लड़की के साथ आए उसके साथी दूल्हे को उठा ले गए इससे शादी के मंडप में कोहराम मच गया था।
अगले दिन गुरवार को बांदा के बन्योटा मोहल्ले में एक घर में छापा मारकर मौदहा पुलिस ने दूल्हे का किडनैप करने वाली प्रेमिका को पकड़ लिया। उसका नाम वर्षा बताया गया। उसी दिन गुरुवार की दोपहर बांदा से दूल्हा अशोक यादव और वर्षा का दोस्त राहुल भी पुलिस की गिरफ्तर में आ गया।
मीडिया के सामने वर्षा ने खुलासा किया कि ‘मैं अशोक को पिछले आठ सालों से जानती हूं। हम दोनों के बीच संबंध हैं। मैं गन-वन लेकर मंडप नहीं गई। अशोक अपने मन से मेरे साथ आया। उसकी शादी बे-मन की जा रही थी। अशोक को लाकर उसी दिन कोर्ट मैरिज कर लेते, पर कागजात तैयार नहीं थे’। मंडप से अशोक का किडनैप करने के आरोप में अशोक के पिता ने वर्षा और राहुल के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया था।
एक हफ्ते से प्रेमी को पाने के लिए संघर्ष
प्रेमी अशोक और वर्षा सैनी पुलिस हिरासत में
मौदहा कोतवाली में दूल्हे के अपहरण की नामजद अभियुक्त बन जाने के बाद बांदा शहर निवासी प्रेमिका वर्षा पिछले एक हफ्ते से प्रेमी को पाने के लिए संघर्ष कर रही है। बांदा कोतवाली और फिर मौदहा कोतवाली में दो दिनों तक पुलिस की हिरासत में रही वर्षा को उसके माता-पिता ने अपनाने से इनकार कर दिया। उधर, प्रेमी अशोक शुरू में गोलमोल बातें करता रहा, लेकिन अब वह वर्षा को ही अपनी जीवन संगिनी बनाने को राजी हो गया है। प्रेमी-प्रेमिका के दांपत्य सूत्र में बंध जाने से पहले दोनों के सामने कई अड़चनें हैं। वर्षा के विरुद्ध दर्ज अपहरण का मामला और अन्य कानूनी अड़चनें आड़े आ रही हैं। इसी बीच रविवार को मौदहा पुलिस ने वर्षा को उसके दोस्त राहुल सिंह के पिता की सुपुर्दगी में सौंप दिया। राहुल वर्षा के साथ ही उसके प्रेमी अशोक का भी दोस्त है। वर्षा के साथ वह भी अभियुक्त है।
अशोक से ही शादी करके रहूंगी चाहे कुछ भी करना पड़े
वर्षा सैनी
यहां बांदा शहर में राहुल के मकान में आई वर्षा ने सोमवार को ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कहा कि वह अशोक से शादी करके रहेगी। चाहे कुछ भी करना पड़े। भले ही उसके घरवालों ने उसका साथ छोड़ दिया है, लेकिन वह हिम्मत नहीं हारी है। वर्षा के दिल में प्रेमी अशोक के लिए अभी भी प्रेम है। कहा कि अशोक बहुत डरपोक है। अपनी बात किसी से खुलकर नहीं कह पाता। वह मुझे चाहता है और मैं उसे। दोनों शादी के लिए रजामंद हैं। रिपोर्ट आदि का कानूनी पचड़ा खत्म होते ही दोनों दांपत्य जीवन में बंध जाएंगे। वर्षा ने बताया कि मौदहा पुलिस ने राहुल के पिता कल्लू की सुपुर्दगी में उसे सौंपा है। रविवार को वह कल्लू के साथ बांदा आई और पहले अपने घर गई। लेकिन मां-बाप ने उसे दुत्कार वापस कर दिया। अब वह राहुल के घर में है। बताया कि अशोक से वह फोन पर लगातार संपर्क में है।
कई दिनों तक लगातार बांदा और मौदहा कोतवाली में दिन बिताने के बाद अब प्रेमिका वर्षा सुपुर्दगी के दौरान जिस घर में रह रही है वहां भी काफी दुश्वारियां हैं। महेश्वरी देवी के पास स्थित उसके दोस्त राहुल राजपूत का घर बेहद छोटा है। मात्र एक ही कमरा है। राहुल के माता-पिता, भाई-बहन मिलाकर 7 लोग इस छोटे से घर में बसर कर रहे हैं। अब उसी में वर्षा भी दाखिल हो गई है। इससे परिवार के लगभग सभी सदस्यों को असुविधा हो रही है। लेकिन राहुल के घरवाले उसका पूरा ख्याल रख रहे हैं। राहुल के भाई पिंटू ने बताया कि मंगलवार को वह मौदहा पुलिस से अनुरोध करेगा कि वर्षा को नारी निकेतन भेज दिया जाए।