रूरा। बनीपारा महाराज व जसू गांव में बुधवार दोपहर दो बजे गेहूं के खेत में आग लग गई। किसान जब तक आग पर काबू पाते तीन किसानों की चार बीघा फसल जल कर राख हो गई। तहसील प्रशासन से मुआवजे की मांग की गई है।
डेरापुर तहसील के बनीपारा महाराज का मौजा अडरेपुरवा निवासी भजन लाल यादव, जयदेवी व जसू निवासी राधा देवी के खेतों में लगी आग देख ग्रामीण आग बुझाने दौड़े। ग्रामीणों ने पास के एक खेत में लगी सबमर्सिबल चालू कर पानी डालना शुरू किया। मगर आग तेज हवा की कारण बढ़ती गई। इस पर कुछ किसानों ने खेत के चारो तरफ घेराबंदी कर पेड़ों की टहनियों को फसल पर पटक कर आग को एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू कर लिया। जब तक तीनों की चार बीघा फसल जल गई।
डेरापुर नायब तहसीलदार जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि दोनों राजस्व के गांव अलग अलग है। किसानों के खेत आपस में जुड़े है। बनीपारा के लेखपाल रामआसरे व जसू के लेखपाल अनिरुद्ध को भेजा गया हैं। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।