कानपुर देहात। मेडिकल कॉलेज अकबरपुर में स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ने के बाद भी मरीजों को जांच व इलाज कराने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजाें को डॉक्टर अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दे रहे हैं लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद अल्ट्रासाउंड कक्ष में पर्चे जमा नहीं किए जा रहे। इससे मरीजाें को परेशानी हो रही है।
मौसम में हुए बदलाव के बाद मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या बढ़ी है। मंगलवार को यहां 1325 नए मरीज पंजीकरण कराकर ओपीडी में इलाज कराने के लिए पहुंचे। सबसे अधिक भीड़ फिजिशियन डॉ. अराधना के कक्ष में रही। यहां दोपहर 12:30 बजे तक 410 मरीज देखे गए। ज्यादातर मरीज पेट दर्द, अपच व काफी दिनों से पेट में चली आ रही परेशानी के रहे। इसके अलावा बुखार, खांसी-जुकाम के मरीज पहुंचे। इनमें से करीब 80 मरीजों को डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराने के लिए पर्चे पर जांच लिखी।
वहीं, जनरल सर्जन के कक्ष में दोपहर 12 बजे तक 70 मरीज देखे गए, यहां पर भी पथरी, हार्निया व पेट में अन्य समस्याएं होने पर डॉक्टर ने मरीजाें को अल्ट्रासाउंड कराने के साथ खून की जांच कराने की सलाह दी। बाल रोग विशेषज्ञ, नाक काल गला विशेषज्ञ कक्ष में मरीज अधिक रहे। दोपहर 12 बजे तक अल्ट्रासाउंड कक्ष में 105 पर्चे जमा हो चुके थे। महिला, पुरुष मरीज जांच के लिए बाहर इंतजार करते दिखे। वहीं कई मरीज ऐसे थे जो हाथ में पर्चे लिए सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों से पर्चा जमा कर गुजारिश करते दिखे लेकिन यहां पर्चे जमा नहीं किए जा रहे थे।
इस पर कुछ मरीज ओपीडी का समय समाप्त होता देख बाहर से जांच कराने के लिए चले गए जबकि कुछ को अगले दिन आने के लिए कहा गया। यहां तैनात कर्मचारियों ने बताया कि एक दिन में 100-120 तक अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। 12 बजे तक पर्चे जमा करने के बाद जांच करने में दो बज जाते हैं। करीब 15-20 इमरजेंसी से मरीज आ जाते है। ऐसे में दो बजे तक जितने हो पाते उन्हीं की जांच की जाती है। जिनकी जांच रह जाती है उन्हें अगले दिन बुलाकर पहले जांच की जाती है।
..............................
पर्चा जमा करने का नंबर आया तो कहा अगले दिन आना
पेट में दर्द की समस्या थी। सुबह 10 बजे आकर ओपीडी में डॉक्टर को दिखाया। 12:30 बजे अल्ट्रासाउंड की जांच कराने के लिए पहुंचे तो पर्चा जमा कर रहे गार्ड ने कहा 30 पर्चे जमा हैं। जब इनका अल्ट्रासाउंड हो जाएगा तब पर्चा जमा किया जाएगा। कुछ देर बाद गए तो बोले अब कल आना। हालांकि काफी जद्दोजहद करने पर पर्चा जमा किया गया। - मीना, कटका रनियां
........................
पेट में दर्द की समस्या है। 12 बजे आकर लाइन में लगे थे। आधे घंटे तक इंतजार किया। इसके बाद कहा गया कि अब पर्चा नहीं जमा होगा अगले दिन आना, गुजारिश करने पर भीड़ में एक गार्ड ने पर्चा तो ले लिया लेकिन वह भी कहीं गायब हो गया। इस पर बिना जांच के वापस जाना पड़ा। - ब्रजेश कुमार, कुंभी
..............
पेट में दर्द की समस्या होने पर सुबह 10 बजे के करीब दिखाने के लिए अस्पताल आई थी। पर्चा बनवाने से लेकर डाॅक्टर को दिखाने में करीब डेढ घंटे लग गए। डॉक्टर ने पर्चा पर अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। 12 बजे के करीब जांच कराने के लिए आए तो बुधवार के लिए आने के लिए कहा गया। पर्चा जमा न होने पर वापस जाना पड़ा। - नीलम, नेरा
....................
वर्जन............
व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसलिए अल्ट्रासाउंड कक्ष में भीड़ हो रही है। एक डॉक्टर होने की वजह से परेशानी होती है। जल्द ही इस व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। जिससे कोई मरीज वापस न लौटने पाए, फिलहाल जो मरीज आ रहे हैं। उनके सभी के पर्चे लेकर जांच कराने के निर्देश हैं। कोई मरीज वापस न जाने पर इसके लिए निर्देश दिए गए हैं। - डाॅ. हरप्रीत सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज अकबरपुर