डेरापुर। तहसील क्षेत्र के परौंख गांव में सर्वोदय बालिका स्कूल बनना है। शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। 12 दिसंबर को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भूमि पूजन के साथ शिलान्यास करेंगे। इसको लेकर तैयारी की जा रही है।
परौख पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का पैतृक गांव है। तत्कालीन जिलाधिकारी नेहा जैन ने गांव में सर्वोदय बालिका स्कूल बनाने के लिए जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव शासन को भेजा था। जिसकी पूर्व में अनुमति मिल चुकी है। समाज कल्याण विभाग द्वारा इस स्कूल का संचालन कराया जाएगा। जिसके लिए निर्माण कराने वाले कार्यदायी संस्था भी नामित हो चुकी है। निर्माण कराने वाली कार्रदाई संस्था (सिडको स्मॉल इंडस्ट्रीज कार्पोरेशन) के जेई विवेक यादव ने बताया कि चिह्नित पांच एकड़ जमीन पर करीब 45 करोड़ की लागत से स्कूल का निर्माण कराया जाएगा।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा इसका शिलान्यास 12 दिसंबर को कराया जाएगा। वह हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचेगे। इसके लिए प्रोटोकॉल भी जारी कर दिया गया है। प्रोटोकाल आने पर अधिकारियों ने तैयारी तेज की है। हालांकि अधिकारी संभावित कार्यक्रम को लेकर पहले से तैयारी में जुटे थे। यहां पर हैलीपैड आदि बनाने की तैयारी की जा रही है। शुक्रवार को बीडीओ महिमा विद्यार्थी ने गांव पहुंचकर साफ सफाई की व्यवस्था देखी। वहीं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने हैलीपैड के लिए चिह्नित भूमि पर काम शुरू करा दिया। गांव में तालाब ,नालियों की मरम्मत व साफ सफाई का काम शुरू हो गया है।