कानपुर। कॉलेजों में हाजिरी लगाकर चले जाने वाले शिक्षकों पर शिकंजा कसने के लिए डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी ने बृहस्पतिवार को चुन्नीगंज स्थित बीएनएसडी इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर होने के बावजूद कई शिक्षक कॉलेज परिसर में नहीं मिले। यहां पूर्व विधायक भाजपा नगर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान भी पढ़ाते हैं पर वह भी नहीं मिले।
निरीक्षण के दौरान डीआईओएस ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य ओपी पाठक से हाजिरी रजिस्टर मांगा। जांच में कई शिक्षकों की हाजिरी दर्ज मिली लेकिन वे कॉलेज में मौजूद नहीं थे। पूर्व विधायक के न मिलने पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य ओपी पाठक ने बताया कि उपेंद्र पासवान कॉमर्स पढ़ाते हैं। वह शुरुआत के दो पीरियड लेने के बाद सामाजिक कार्य के लिए चले गए होंगे। उपेंद्र पासवान से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। डीआईओएस ने बताया कि मामले की रिपोर्ट तैयार की जाएगी।