आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र द्वारा सेना के जवानों के लिए अपमानजनक टिप्पणी करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर आईआईटी के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एकजुट हो गए हैं। देश भर से आम लोग भी टिप्पणी करने वाले पूर्व छात्र पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने आईआईटी के पूर्व छात्र और कारगिल हाइट्स का विरोध करने वाले दोनों प्रोफेसरों के खिलाफ मानव संसाधन विकास मंत्रालय में शिकायत की है। यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष शुभम शुक्ला ने मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल को पत्र भेजकर मामले की जांच की मांग की है।
शुभम ने कहा कि कारगिल शहीदों की याद में बने कारगिल हाइट्स का विरोध शहीदों का अपमान है। ऐसे प्रोफेसर कभी भी देशहित में नहीं सोच सकते हैं। एबीवीपी ने भी मामले में निदेशक से मुलाकात कर प्रोफेसरों पर कार्रवाई की मांग करने का फैसला लिया है। महानगर संगठन मंत्री सत्या चौधरी ने कहा कि वह परिषद के पदाधिकारियों के साथ आईआईटी निदेशक से इस संबंध में चर्चा करेंगे।